चंडीगढ़, 28 दिसंबर — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को खरखौदा में आयोजित विकास रैली में क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने खरखौदा शहर में कूड़ा निपटान के लिए 8.37 करोड़ रुपये की लागत से प्लांट लगाने, मुख्य पार्क के विकास के लिए 8 करोड़ रुपये, स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए 3.50 करोड़ रुपये तथा शहर के सौंदर्यीकरण के लिए राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा डिजिटल लाइब्रेरी, पेयजल परियोजना, सड़कों के निर्माण व मरम्मत और कच्चे रास्तों को पक्का करने जैसे कई कार्यों की भी घोषणा की गई।
उन्होंने बताया कि खरखौदा विधानसभा क्षेत्र में अब तक 2,081 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। युवाओं के लिए रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि नव वर्ष पर पुलिस व अन्य विभागों में नई भर्तियां निकाली जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खरखौदा अब तेजी से उभरता औद्योगिक केंद्र बन रहा है और यहां विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर मंत्रियों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।