-चरणजीत सिंह चन्न-
जगरांव/यूटर्न/20/फरवरी। पुलिस द्वारा साझा की गई क्राइम रिपोर्ट के अनुसार थाना सिटी जगरांव में सड़क हादसे के दौरान कार में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत के मामले में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई रणधीर सिंह कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता सरबजीत कौर पत्नी स्वर्गीय गुरप्रीत सिंह के बयान के अनुसार 18 फरवरी को उनके पति सुबह करीब 7 बजे रोजाना की तरह काम के लिए जगरांव गए थे। रात लगभग 8:30 बजे फोन पर बात हुई, जिसमें उन्होंने बताया कि वह लुधियाना में एक शादी समारोह में गए हैं और देर से घर लौटेंगे।
19 फरवरी की रात करीब 12 बजे वह से जगरांव से गांव चकर की ओर आ रहे थे। कोठे राहला डल्ला रोड पर एक चौराहे के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उनकी कार को साइड मार दी और फरार हो गया। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ों से टकरा गई और उसमें आग लग गई।
आग लगने से गुरप्रीत सिंह की कार के अंदर ही मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।