चंडीगढ़/यूटर्न/16 मार्च। शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने और आम लोगों को सस्ती ठहरने की सुविधा देने के लिए नगर निगम कम्युनिटी सेंटरों को गेस्ट हाउस में बदलने की योजना बना रहा है। यह निर्णय प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के सुझाव के बाद लिया गया है। योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से कम्युनिटी सेंटरों की ऊपरी मंजिलों पर गेस्ट रूम तैयार किए जाएंगे, जहां पर्यटक कम किराये पर ठहर सकेंगे।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार शहर में 40 से अधिक कम्युनिटी सेंटर हैं, जिनमें एसी, पार्किंग और बेहतर कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। इनमें से कई सेंटर साल के अधिकांश समय खाली रहते हैं और केवल शादी-ब्याह या विशेष कार्यक्रमों के दौरान ही उपयोग में आते हैं। ऐसे में इन्हें गेस्ट हाउस के रूप में इस्तेमाल करने से निगम को सालभर आय भी हो सकेगी।
फिलहाल चंडीगढ़ में सरकारी स्तर पर सेक्टर-6 और सेक्टर-18 में ही दो गेस्ट हाउस हैं, जहां सीमित कमरे उपलब्ध हैं और आम लोगों को आसानी से बुकिंग नहीं मिल पाती। नए प्रस्ताव के लागू होने पर पर्यटकों को सस्ते और सुविधाजनक ठहरने का विकल्प मिलेगा।
प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने अर्बन इनोवेशन समिट के दौरान कहा था कि चंडीगढ़ से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लेह-लद्दाख जैसे पर्यटन स्थलों के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक गुजरते हैं। ऐसे में शहर में सस्ती और पर्याप्त ठहरने की व्यवस्था होना जरूरी है, ताकि सामान्य लोग भी पर्यटन का लाभ उठा सकें।