हरियाणा /यूटर्न/26 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सच्ची संपत्ति गुरु के चरणों और ‘नाम’ की कमाई में है। वे गुरुद्वारा श्री नानकसर साहिब में आयोजित समागम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दुर्गा अष्टमी और राम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत-महापुरुषों ने मानवता को सही मार्ग दिखाया है। उन्होंने बाबा नन्द सिंह जी महाराज और बाबा ईशर सिंह जी महाराज की तपस्या और सेवा भावना को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘संत-महापुरुष सम्मान विचार प्रचार एवं प्रसार योजना’ के माध्यम से गुरुओं की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचा रही है। साथ ही 1984 दंगा पीड़ित परिवारों को नौकरी देने और तीर्थ यात्राओं के लिए सहायता जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।