जीरकपुर 05 Jan :
बलटाना क्षेत्र में सुखना चौ के साथ लगती फर्नीचर मार्केट में दुकानदारों द्वारा सड़क पर खुलेआम किए गए अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बलटाना गांव के बाहर पुलिस चौकी की ओर जाने वाली करीब 60 फीट चौड़ी सड़क में से लगभग 30 फीट हिस्से पर फर्नीचर दुकानदारों ने कब्जा कर रखा है। सड़क के इस हिस्से को दुकानदारों ने अपना कार्यस्थल बना लिया है, जिससे न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है बल्कि राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से इस सड़क के केवल एक ही हिस्से से वाहनों की आवाजाही हो रही है। दूसरी ओर की करीब 30 फीट सड़क पर दुकानदारों ने सोफा, कुर्सियां, अलमारियां और अन्य फर्नीचर का सामान रखकर काम शुरू कर दिया है। यहां खुलेआम सोफा पॉलिश, स्प्रे पेंट, लकड़ी का काम और फर्नीचर निर्माण किया जा रहा है, जिससे सड़क संकरी हो गई है और हर समय जाम जैसे हालात बने रहते हैं।
राहगीरों का आरोप है कि दोपहिया वाहन से गुजरते समय फर्नीचर पर की जाने वाली स्प्रे पेंट के रसायनिक कण आंखों में चले जाते हैं। इससे आंखों में जलन, देखने में परेशानी और अचानक संतुलन बिगड़ने की स्थिति बन जाती है। कई लोगों ने बताया कि इस कारण कई बार वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं और हादसे का खतरा बना रहता है। खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को इस रास्ते से गुजरते समय काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर परिषद और प्रशासन को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। लोगों का आरोप है कि कभी-कभार कार्रवाई दिखावे तक सीमित रहती है और कुछ समय बाद दुकानदार फिर से सड़क पर सामान सजा लेते हैं। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध कब्जा नहीं हटाया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस मामले में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी परविंदर भट्टी ने कहा कि एक दिन पहले भी इस स्थान पर कार्रवाई की गई थी। यदि दुकानदारों ने दोबारा सड़क पर सामान लगा लिया है तो टीम भेजकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब तक इस अवैध कब्जे को पूरी तरह हटाकर आम जनता को सुरक्षित और सुचारु यातायात की सुविधा दिला पाता है।
बॉक्स
अवैध कब्जे से हो रही प्रमुख परेशानियां
सड़क की चौड़ाई आधी रह जाने से जाम
स्प्रे पेंट के रसायन से आंखों में जलन
दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा
पैदल राहगीरों को निकलने में दिक्कत
प्रशासनिक कार्रवाई न होने से दुकानदार बेखौफ
कोट्स :
“यहां पर एक दिन पहले भी कार्रवाई की गई थी। यदि इन्होंने दोबारा वहां सामान लगा लिया है तो टीम भेज कर कार्रवाई की जाएगी।”
— परविंदर भट्टी, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद