चंडीगढ़ 08 Jan : नगर निगम चंडीगढ़ (एमसीसी) ने शहर में पैदल यात्रियों की सुगम आवाजाही, सार्वजनिक सुरक्षा और बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सेक्टर-40, सेक्टर-20, गांव कजहेड़ी और मनीमाजरा में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया।यह कार्रवाई संयुक्त आयुक्त हिमांशु गुप्ता के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में नगर निगम के प्रवर्तन विंग द्वारा की गई। अभियान के दौरान अवैध अतिक्रमण और बिना अनुमति संचालित हो रहे विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।
नगर निगम की टीमों ने अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कुल 124 चालान काटे। साथ ही बाजारों में अतिक्रमण के कारण बाधित हुए गलियारों को खाली करवाकर पैदल यात्रियों के लिए रास्ता सुगम बनाया गया। अवैध रूप से कारोबार कर रहे वेंडरों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।
नगर निगम चंडीगढ़ ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अतिक्रमण विरोधी अभियान शहर के विभिन्न हिस्सों में नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता, सुगम पहुंच और अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके। निगम ने नागरिकों और दुकानदारों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करें, अन्यथा उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।