मोहाली | 24 जनवरी :
एयरपोर्ट रोड स्थित GMADA की IT City स्कीम से जुड़े हजारों उपभोक्ताओं पर एक बार फिर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया गया है। GMADA ने IT City के सभी मौजूदा अलॉटी और ट्रांसफरी से ₹7,845 प्रति वर्ग गज Enhancement Charges वसूलने का निर्णय लिया है, जिससे आम निवेशकों को लाखों रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ सकते हैं।
GMADA के अनुसार, तय समय में राशि जमा न करने पर ब्याज भी लगाया जाएगा, जो देरी के साथ बढ़ता जाएगा। यह फैसला 12 जनवरी 2026 को हुई GMADA की 38वीं बैठक में लिया गया, जिसमें “Assessment & Recovery of Additional Price from Present Allottee/Transferee of IT City Scheme” एजेंडा को मंजूरी दी गई।
करीब 7000 परिवार होंगे प्रभावित
इस निर्णय का सीधा असर IT City के लगभग 7000 अलॉटियों पर पड़ेगा। कई अलॉटी पहले ही प्लॉट की पूरी कीमत चुका चुके हैं और अब अचानक लाखों रुपये का अतिरिक्त चार्ज उनके लिए बड़ी परेशानी बन गया है।
एक्सपर्ट्स बोले – तय कीमत के बाद नई मांग गलत
रियल एस्टेट और उपभोक्ता मामलों के विशेषज्ञों का कहना है कि IT City स्कीम 2018 में तय दरों पर लॉन्च की गई थी। ऐसे में कई साल बाद अतिरिक्त रकम मांगना उपभोक्ताओं के साथ अन्याय है। इससे न केवल निवेशकों का भरोसा कमजोर होता है बल्कि मोहाली के रियल एस्टेट सेक्टर पर भी असर पड़ सकता है।
अलॉटियों की मांग – फैसला वापस ले GMADA
अलॉटियों का कहना है कि पहले भी सेक्टर 76-80 में Enhancement Charges के खिलाफ लंबा संघर्ष करना पड़ा था। अब IT City में भी वही स्थिति बन रही है। उपभोक्ता संगठनों ने मांग की है कि GMADA इस फैसले पर पुनर्विचार करे और आम नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ न डाले।
क्या करें अलॉटी?
अगर आप IT City Mohali के अलॉटी या ट्रांसफरी हैं, तो अपने दस्तावेज जांचें, नोटिस पर नजर रखें और सामूहिक रूप से अपनी बात GMADA तक पहुंचाएं।