देशभर में कांग्रेस का अभियान, 17 जून से राहुल गांधी की सक्रियता बढ़ेगी
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : कांग्रेस ने पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इसके तहत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देशभर में छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला शुरू करेंगे।
पार्टी के अनुसार, इस अभियान के जरिए छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों, शिक्षकों और युवा संगठनों के प्रतिनिधियों को जोड़कर इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा।
इन शहरों से होगी शुरुआत
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि अभियान के पहले चरण में राहुल गांधी 17 जून को कोटा, 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में छात्र सम्मेलनों को संबोधित करेंगे।
छात्र मुद्दों पर फोकस
पार्टी का कहना है कि हाल के समय में पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं ने छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। इसी के साथ बेरोजगारी का मुद्दा भी युवाओं के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है।
कांग्रेस इस अभियान के जरिए इन मुद्दों पर जनजागरण करते हुए सरकार पर जवाबदेही तय करने का दबाव बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।