लुधियाना/यूटर्न/23 जुलाई। ढोलेवाल के गुरु अर्जुन देव नगर स्थित बहादुरी खेत के पास शराब का ठेका खुलने को लेकर वीरवार को स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में इलाकानिवासी स्थानीय पार्षद के साथ मौके पर पहुंचे और ठेका खोलने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर ठेके के लिए बनाए गए ढांचे को आग लगाने की कोशिश की। घटना में किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि जिस स्थान पर ठेका खोला जा रहा है, उसके आसपास रिहायशी क्षेत्र, मंदिर, डिस्पेंसरी और परिवार रहते हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि वे किसी भी कीमत पर इस स्थान पर शराब का ठेका नहीं खुलने देंगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। एएसआई हरभजन सिंह ने कहा कि विरोध प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन किसी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना या आगजनी करना कानूनन अपराध है। उन्होंने बताया कि ठेका संचालक की ओर से शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
---