लुधियाना/यूटर्न/23 जुलाई। पंजाब भाजपा के कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी ने बरनाला मे सफाईकर्मियों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि झाड़ू वाली पार्टी के राज में झाड़ू लगाने वालों पर ही लाठियां बरसना बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। गुरदेव शर्मा देबी ने कहा कि सफाईकर्मी हमारे शहरों और गांवों को साफ रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। यदि ये अपने जायज अधिकारों और मांगों के लिए आवाज उठाते हैं तो सरकार को उनसे संवाद करना चाहिए, न कि पुलिस से लाठीचार्ज करवाना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि सफाईकर्मियों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही लाठीचार्ज में घायल हुए सभी सफाईकर्मियों का मुफ्त इलाज सरकारी खर्च पर करवाया जाए। देबी ने कहा, जिन हाथों से पूरा समाज साफ रहता है, उन हाथों पर लाठियां नहीं, सम्मान होना चाहिए। इस अवसर पर अजय पाल दिसावर, अनिल खटवाल, बबली, काती, रानी, प्रीती, मीरा, सुकंतला, ज्योति, माया, सुलक्खी, मीरा सहित सफाई कर्मचारी भी उपस्थित थे।
----