खन्ना/यूटर्न/24 जुलाई। खन्ना में पुलिस ने एक साथ तीन स्पा सेंटर सिटी सेंटर स्थित न्यू एरा, डायमंड और रिलेक्स थाई स्पा सेंटर में रेड की। जहां सेक्स रैकेट चला रही छह विदेशी युवतियों और एक मैनेजर को गिरफ्तार किया। वहीं 4 युवतियों के साथ दो स्पा सेंटर संचालक मौके से फरार हो गए। सभी के खिलाफ खन्ना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस की रेड के दौरान युवतियां सामान समेटती नजर आईं। इन स्पा सेंटरों में थाईलैंड, हरियाणा और दिल्ली की युवतियों से रैकेट चलाया जा रहा था। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि खन्ना के सिटी सेंटर स्थित न्यू एरा, डायमंड और रिलेक्स थाई स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन सूचनाओं के आधार पर थाना सिटी-2 पुलिस ने गुरुवार को रेड की। छापेमारी के दौरान तीन स्पा सेंटरों की जांच की गई। जांच में सामने आया है कि एक स्पा सेंटर का संचालक हरियाणा का कप्तान सिंह है। दूसरे स्पा सेंटर का संचालक मनोज पुलिस कार्रवाई से पहले ही फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं।
बार बार बदल रहे थे ठिकाने
वहीं पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपियों द्वारा ठिकाने बदल बदलकर धंधा किया जा रहा था। उन्हें जब पुलिस कार्रवाई का पता चलता था तो आरोपी ठिकाना बदल लेते थे। लेकिन इस बार पुलिस ने दबे पांव एक्शन लिया। थाना सिटी-2 के प्रभारी इंस्पेक्टर तरविंदर कुमार बेदी ने बताया कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।