मृतक युवक दो बच्चों का था पिता
खन्ना/यूटर्न/24 जुलाई। मंडी गोबिंदगढ़ में अमलोह रोड पर देशभक्त यूनिवर्सिटी के पास गुरुवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन लगभग 20 फुट दूर जा गिरा। इस दुर्घटना में एक युवा कारोबारी की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान अमलोह के दिनेश अरोड़ा उर्फ काकू के रूप में हुई है, जबकि जख्मी आशु गोयल है। मामले की सूचना मिलने पर थाना अमलोह की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह हादसा रात करीब 11 बजे हुआ, जब दोनों मंडी गोबिंदगढ़ से कार में सवार होकर अमलोह लौट रहे थे। इस दौरान उनकी तेज रफ्तार कार एक ट्रक से टकरा गई।
मोबाइल कंपनी का संचालक था मृतक
मृतक दिनेश अरोड़ा उर्फ काकू अमलोह में अरोड़ा मोबाइल कंपनी के संचालक थे। हादसे में जख्मी आशु गोयल स्टाइल गैलरी के मालिक हैं। मृतक के परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद दिनेश अरोड़ा के गले से सोने की चेन, एक मोबाइल फोन और पर्स गायब मिले। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और गायब हुए सामान के संबंध में जांच शुरू कर दी है। दिनेश अरोड़ा शहर के एक जाने-माने युवा कारोबारी थे। उनके परिवार में मां, पत्नी और सात व तीन वर्ष के दो बच्चे हैं। उनकी बहन ऑस्ट्रेलिया से लौट रही हैं, जिसके बाद 25 जुलाई को अमलोह में अंतिम संस्कार किया जाएगा।