समराला/यूटर्न/27 जुलाई। लुधियाना के समराला में बेटी के लिए संधारा का सामान खरीदकर जा रही एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने झपटमारी करके पर्स छीन लिया। वारदात के बाद महिला ने शोर मचाया। लेकिन बदमाश फरार हो गए। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। महिला अनुसार पर्स में सात हजार रुपए की नकदी, चूड़ियां, बिस्कुट व अन्य सामान था। पीड़िता हरजीत कौर ने बताया कि वह अपनी बेटी के घर समराला आई हुई थीं। बेटी ने उन्हें बाजार जाने से मना किया था, लेकिन वह उसके लिए सामान खरीदकर लाना चाहती थीं। हरजीत कौर ने बताया कि उनके पर्स में 7,000 रुपए कैश थे। इनमें से 5,000 रुपए कमेटी में जमा कराने थे, जबकि बाकी राशि से वह बेटी के लिए सामान खरीद रही थीं। हरजीत कौर के अनुसार, बदमाशों ने कुछ दूरी पर बिस्कुट वाला लिफाफा फेंक दिया और खन्ना रोड की ओर भाग निकले, लेकिन पर्स अपने साथ ले गए। घटना के बाद बुजुर्ग महिला ने शोर मचाकर लोगों से मदद की गुहार लगाई।
---