पटियाला/यूटर्न/28 जुलाई। पटियाला के दीप नगर इलाके में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एक मकान की सीवरेज लाइन साफ करते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बेरोजगार थे और निजी तौर पर लोगों के घरों में सीवरेज व नालियों की सफाई का काम करते थे। आज वे एक मकान की मुख्य सीवरेज लाइन साफ करने के लिए अंदर उतरे थे। इसी दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। गौरतलब है कि नगर निगम के पास सीवरेज सफाई के लिए नियमित और ठेके पर कर्मचारी उपलब्ध हैं, लेकिन इसके बावजूद कई लोग निजी तौर पर ऐसे काम करवाते हैं। इसी दौरान दीप नगर में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
--