लुधियाना/यूटर्न/1 अगस्त। गुरुवार शाम को गुरु गोबिंद सिंह नगर इलाके में एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने पैदल जा रहे एक परिवार को रोककर महिला की चेन छीन ली। जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार महिला अपने पति और बच्चे के साथ पैदल जा रही थी। इसी दौरान एक्टिवा पर 2 युवक आए। उन्होंने अपनी एक्टिवा थोड़ी आगे लगा दी। एक्टिवा के रुकते ही पीछे बैठा बदमाश नीचे उतरा और उसने अचानक तेजधार हथियार निकाल लिया। हथियार से परिवार को डराने के बाद उसने झपट्टा मारकर महिला के गले से चेन तोड़ ली। हथियार देखने के बावजूद महिला ने घबराने की बजाय हिम्मत दिखाई। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि महिला ने तुरंत बदमाश का हाथ पकड़ लिया। अपनी पत्नी को भिड़ता देख पति ने भी आगे बढ़कर बदमाश को पकड़ने की कोशिश की। हालांकि बदमाश ने दोबारा तेजधार हथियार दिखाकर उन पर हमला करने की कोशिश की और खुद को छुड़ा लिया। हड़बड़ाहट में वहां से भागते समय बदमाश सड़क से गुजर रही एक कार से भी टकराया, लेकिन वह किसी तरह संभला और अपने साथी के साथ एक्टिवा पर बैठकर तेजी से फरार हो गया।
----