लुधियाना/यूटर्न/8 अगस्त। लुधियाना के सिविल अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों के सामने कुछ युवकों द्वारा सरेआम गुंडागर्दी की गई। लेकिन सुरक्षा कर्मी सिर्फ खड़े देखते रहे। अस्पताल में मेडिकल कराने आए दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर ईट पत्थर बरसाए। जिस कारण दोनों तरफ के कई लोग जख्मी भी हो गए। कुछ समय तक यह झड़प चलती रही। जिसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले। मामले की सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर दो और चौकी सिविल अस्पताल की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर को अस्पताल में दो पक्ष झगड़ा होने के बाद मेडिकल कराने आए थे। इस दौरान दोनों तरफ के युवकों में वहां पर फिर एक दूसरे को देखने पर बहस हो गई। देखते ही देखते झड़प शुरु हो गई। जिसके बाद एमरजेंसी के बाहर ही दोनों ने एक दूसरे पर ईटें पत्थर बरसाने शुरु कर दिए। इस दौरान वहां खड़े वाहनों की भी तोड़फोड़ हुई और अस्पताल का भी सामान टूटा। इस घटना की एक वीडियो भी सामने आई है।
अस्पताल में मौजूद है पुलिस चौकी
अस्पताल में कानून की धज्जियां उड़ने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी सरेआम नियमों का उल्लंघन हो चुका है। हैरानी की बात तो यह है कि अस्पताल के बीच ही पुलिस चौकी है, जबकि एमरजेंसी में सिक्योरिटी गार्ड मौजूद रहते हैं। लेकिन फिर भी ऐसी झड़प की घटनाएं सामने आ रही है। वहीं लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन द्वारा इन झगड़ों का कोई पक्का हल नहीं निकाला जाता। अगर कभी ऐसे झगड़े के दौरान स्टॉफ, मरीज या किसी राहगीर को चोट लग गई तो इसका जिम्मेदार आखिर कौन होगा।
---