लुधियाना, 12 अगस्त। शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें पुलिस का भी कोई खौफ नजर नहीं आ रहा। ताजा मामला लुधियाना के पॉश इलाके अगर नगर एनक्लेव, रामबाग का है, जहां पिछले करीब आठ-नौ महीनों से चोरी की वारदातों का सिलसिला लगातार जारी है। बार-बार हो रही चोरियों के कारण इलाके के लोगों में दहशत और रोष का माहौल है।
इलाका निवासियों के अनुसार, लगभग हर महीने यहां किसी न किसी घर या स्थान पर चोरी की वारदात सामने आ रही है। इस संबंध में कई बार पुलिस को शिकायतें भी दी गईं, लेकिन लोगों का आरोप है कि अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय निवासी योगेश गुप्ता, सुनील गोयल, राजकुमार जिंदल, पुनीत खन्ना, दलजीत सिंह, भूषण गुप्ता और भूपिंदर जैन सहित अन्य लोगों ने एकत्र होकर लगातार हो रही चोरियों पर रोष जताया और इसे गंभीर चिंता का विषय बताया।
निवासियों का कहना है कि अधिकतर वारदातों को रात के समय अंजाम दिया जा रहा है। लोगों ने चोरी की घटनाओं से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी साझा की है, जिसमें कथित तौर पर चार लोग वारदात करते दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि लगभग हर घटना में इसी तरह चार लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इलाका निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।