अमृतसर ग्रामीण में पुलिस ने पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की कथित साजिश को नाकाम करते हुए 690 ग्राम वजन का IED बरामद किया है। इसके साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स भी मिला। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बढ़ाई गई गश्त के दौरान एएसआई कुलबीर सिंह को गग्गोमहल क्षेत्र में मोम से लिपटा संदिग्ध पैकेट मिला था। बम निरोधक दस्ते ने IED को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया। थाना रामदास में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अमृतसर: पंजाब पुलिस द्वारा अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की कथित साजिश को नाकाम करते हुए 690 ग्राम वजन का एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किया है। IED के साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स भी बरामद हुआ।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर राज्य को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच यह कार्रवाई सामने आई है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि बरामद विस्फोटक सामग्री को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संभाला गया और बम निरोधक दस्ते ने इसे सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।
डीजीपी ने कहा कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने राष्ट्रविरोधी तत्वों की एक साजिश को विफल कर संभावित खतरे को टाल दिया है। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और साजिश के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में नाकाबंदी बढ़ाने के साथ सरकारी प्रतिष्ठानों की निगरानी भी तेज की गई थी। 15-16 अगस्त की रात एएसआई कुलबीर सिंह पुलिस पोस्ट गग्गोमहल के अधिकार क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें काले रंग का मोम में लिपटा एक संदिग्ध पैकेट पड़ा मिला।
जांच करने पर पैकेट में IED सहित अन्य विस्फोटक सामग्री मिली। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया और IED को सुरक्षित रूप से मौके पर नष्ट कर दिया गया।
इस संबंध में थाना रामदास, अमृतसर ग्रामीण में 16 अगस्त को FIR नंबर 162 दर्ज कर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां साजिश से जुड़े आरोपियों का पता लगाने में जुटी हैं।