बराड़ा नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों के दावों के बीच सड़क, सफाई, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था होनी चाहिए। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष रजत मलिक ने कहा कि सभी वार्डों में प्राथमिकता और जरूरत के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
बराड़ा (अमरिंदर सिंह) : बराड़ा नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों के दावे लगातार किए जा रहे हैं। कहीं गलियों का निर्माण शुरू होता है, कहीं बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें ठीक की जाती हैं और कहीं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर कार्य किए जा रहे हैं। लेकिन इन सबके बीच एक सवाल लगातार उठ रहा है—क्या समस्याओं का समाधान समय पर हो रहा है या फिर जनता की शिकायत के बाद ही व्यवस्था जागती है?शहर के कई इलाकों में सड़क, सफाई, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या नगर पालिका के पास वार्डों की समस्याओं की नियमित निगरानी के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था है?जनता यह भी जानना चाहती है कि जब किसी गली की हालत लंबे समय तक खराब रहती है, स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं या नालियों की समस्या बनी रहती है, तो जिम्मेदार विभाग को इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं होती। क्या हर समस्या के लिए लोगों को शिकायत करनी पड़ेगी, या फिर अधिकारी और जनप्रतिनिधि स्वयं भी जमीनी स्तर पर स्थिति का जायजा लेंगे?विकास कार्य शुरू होना निश्चित रूप से सकारात्मक कदम है, लेकिन सवाल केवल काम शुरू करने का नहीं, बल्कि उसे समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का भी है। जनता को यह जानने का अधिकार है कि विकास कार्यों के लिए कितना बजट स्वीकृत हुआ, काम कब शुरू हुआ, कब तक पूरा होना है और गुणवत्ता की निगरानी कौन करेगा।सबसे महत्वपूर्ण सवाल विकास की प्राथमिकता को लेकर है। क्या नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार समान रूप से विकास कार्य हो रहे हैं, या फिर कुछ वार्डों को प्राथमिकता मिल रही है और अन्य क्षेत्रों को इंतजार करना पड़ रहा है?
क्या कहते हैं नगरपालिका अध्यक्ष रजत मालिक :-इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष रजत मलिक ने कहा कि नगर पालिका द्वारा शहर के सभी वार्डों में जरूरत और प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। जहां से भी सड़क, स्ट्रीट लाइट, सफाई, जल निकासी या अन्य समस्याओं की जानकारी मिलती है उनका समाधान करवाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है। उपलब्ध बजट और प्रशासनिक प्रक्रिया के अनुसार विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जा रहा है। अध्यक्ष ने कहा कि बराड़ा के विकास में किसी भी वार्ड की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार प्रयास जारी हैं।