नवीन गोगना
जलंधर/चंडीगढ़, 26 फरवरी । पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत जिला जालंधर के भोगपुर स्थित एफसीआई कार्यालय में तैनात तकनीकी सहायक रूही बाला कालिया को 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार यह कार्रवाई गुरु तेग बहादुर राइस मिल, नंगल फिदा (सब-तहसील भोगपुर) के मैनेजर की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि खरीद सीजन 2025-26 के दौरान उनकी राइस मिल को 49,086 बोरियां धान अलॉट हुई थीं। इनमें से चावल की 1,160 बोरियां दो खेपों में एफसीआई गोदाम भोगपुर भेजी गईं, जिन्हें क्लियर करना लंबित था।
आरोप है कि रूही बाला कालिया ने इन खेपों को क्लियर करने के बदले 25,000 रुपये की मांग की, जो बाद में 20,000 रुपये पर तय हुई। शिकायतकर्ता ने यह बातचीत मोबाइल पर रिकॉर्ड कर ली। यह भी सामने आया कि इससे पहले आरोपी 50,000 रुपये रिश्वत ले चुकी थी।
शिकायत मिलने पर विजिलेंस ब्यूरो यूनिट कपूरथला ने जाल बिछाया और सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को 20,000 रुपये लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।