उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में जून और जुलाई 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए 38 रेलकर्मियों को समापन देय के रूप में ₹20.47 करोड़ से अधिक की राशि प्रदान की गई। भुगतान पेंशन, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, लीव इनकैशमेंट, जीआईएस और पीएफ सहित छह मदों में किया गया। डीआरएम संजीव कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ व सुखद जीवन की शुभकामनाएं देते हुए साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की।
अमृतसर (आर. के. उप्पल) : उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में जून एवं जुलाई 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए 38 रेलकर्मियों को उनके समापन देय भुगतान के रूप में ₹20.47 करोड़ से अधिक की राशि प्रदान की गई। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को यह भुगतान प्रदान किया।
सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को छह प्रमुख मदों—पेंशन भुगतान आदेश
(पीपीओ), ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, लीव इनकैशमेंट, ग्रुप इंश्योरेंस स्कीम (जीआईएस) और भविष्य निधि (पीएफ)—के तहत भुगतान किया जाता है।
डीआरएम ने दी स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की दीर्घकालीन रेल सेवा के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को स्वस्थ, सुखद और समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद प्राप्त राशि का उपयोग सोच-समझकर और भविष्य को ध्यान में रखते हुए किया जाए।
साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य निजी विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री नितिन गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री राहुल देव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।