इंस्टाग्राम पर वीडियो भेजकर दी धमकी, जीरकपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया केस
जीरकपुर 05 March : शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर जीरकपुर थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान गुलशन कुमार निवासी गांव बरौली रामपुर, जिला पंचकूला (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस को दिए बयान में मूल रूप से अमृतसर निवासी 28 वर्षीय युवती ने बताया कि वह पिछले आठ-नौ साल से काम के सिलसिले में जीरकपुर में रह रही है और फिलहाल एक पीजी में रहती है। युवती के अनुसार करीब दो साल पहले उसकी पहचान गुलशन कुमार से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अक्सर उससे मिलने जीरकपुर आता था और शादी का वादा कर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसने बताया कि आरोपी उसे कई बार खरड़ के लांडरा रोड स्थित एक फ्लैट में भी लेकर गया, जहां भी उसने उसके साथ संबंध बनाए।
युवती ने आरोप लगाया कि इसी दौरान आरोपी ने उसकी सहमति के बिना नग्न अवस्था में उसकी वीडियो बना ली। कुछ दिन पहले आरोपी ने उसे नवां गांव के एक होटल में बुलाया, जहां दोनों एक रात ठहरे और वहां भी आरोपी ने वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल करते हुए संबंध बनाए।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो वह अपने वादे से मुकर गया और उसे धमकाने लगा। आरोपी ने कहा कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो वह उसकी आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। युवती के अनुसार आरोपी ने वीडियो का एक हिस्सा इंस्टाग्राम पर भी भेजा था, जिसका स्क्रीनशॉट उसने अपने पास सुरक्षित रखा हुआ है।
जीरकपुर थाना पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर आरोपी गुलशन कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।