हत्या की सनसनीखेज घटना, शव सूटकेस में मिलने से इलाके में हड़कंप
होशियारपुर: होशियारपुर के जंगल में सूटकेस से 14 वर्षीय लड़की का जला हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसकी मां के लिव-इन पार्टनर ने की थी। आरोपी का दावा है कि उसे लड़की का लड़कों से मिलना-जुलना पसंद नहीं था। वह जब उसे इस बात को लेकर रोकता-टोकता था तो लड़की उसकी मां के साथ उसके रिश्ते की बात सबको बताने की धमकी देती थी।
इसी से नाराज होकर आरोपी ने पहले गला घोंटकर हत्या की, फिर शव को सूटकेस में पैक कर खुरालगढ़ के जंगल में ले जाकर जला दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी और मृतका की मां पिछले दो साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। आरोपी ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली है। युवती की मां ऊषा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी बेटी राधिका को कोई युवक बहला-फुसलाकर ले गया है। वह 10वीं क्लास में पढ़ती थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्ध युवकों से पूछताछ की।
दो साल थे संबंध
नवांशहर थाना सिटी के प्रभारी अवतार सिंह ने बताया कि एसबीएस नगर के गांव जाडली का रहने वाला गुरविंदर सिंह और मृतका की मां ऊषा पिछले दो साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। गुरविंदर की उम्र अभी 23 साल है और लड़की की मां की उम्र 32 साल के करीब है। महिला तलाकशुदा है। आरोपी दुबई से लौटने के बाद महिला के संपर्क में आया था। दोनों नवांशहर में किराए के मकान में साथ रह रहे थे।
विरोध करती थी लड़की
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे युवती का लड़कों से मिलना-जुलना पसंद नहीं था। वह उसे इस बात को लेकर टोकता था। आरोपी ने बताया कि कि युवती उसे धमकी देती थी कि वह उसकी मां के साथ उसके रिश्ते की बात सबको बता देगी। पुलिस जांच में सामने आया कि 29 मई को आरोपी ने पहले अपनी लिव-इन पार्टनर को राहों जाने वाली बस में बैठाया। इसके बाद वह किराए के कमरे में लौट आया।