‘मेरा भारत युवा सम्मेलन’ में दिखी विविध प्रतिभाओं की झलक
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित ‘विकसित भारत के लिए युवा - मेरा भारत युवा सम्मेलन’ में शिरकत की। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से आए 6,000 से अधिक युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और युवा मामलों की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल सहित कई विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने युवा उद्यमियों, खिलाड़ियों, कलाकारों, कंटेंट क्रिएटर्स, यूपीएससी अभ्यर्थियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह मंच भारत की युवा शक्ति का वास्तविक उत्सव है। उन्होंने कहा कि एक ही मंच पर विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं की उपस्थिति देश की विविधता और क्षमता का सशक्त उदाहरण है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मेलन युवाओं को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है, जो मेहनत, रचनात्मकता और नवाचार के बल पर हर क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की निर्णायक भूमिका होगी।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण में लगाएं और देश के विकास में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि हर युवा का छोटा प्रयास भी देश को बड़ी गति दे सकता है।