लुधियाना/यूटर्न/22 जुलाई। लुधियाना में भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बुधवार को तीन टोल प्लाजा को फ्री कर दिया। इस दौरान टोल प्लाजा पर इंटरनेट सेवा बंद करवा दी गई है और वहां से गुजरने वाले लोगों के नंबर भी लिए गए। किसानों का कहना है कि यदि किसी वाहन ड्राइवर के पास बाद में टोल टैक्स कटने का मैसेज आता है तो उसे बंद करवाने की कार्रवाई की जाएगी। जिले के लाडोवाल, गुल्लाल और चौकीमान टोल प्लाजा दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक टोल फ्री रखे गए। इस दौरान इन टोल प्लाजा से गुजरने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन बिना टोल शुल्क दिए आवागमन कर सकेंगे। किसान संगठनों के नेताओं ने बताया कि यह प्रदर्शन केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में किया जा रहा है। उनका आरोप है कि सरकार कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता देते हुए किसान, मजदूर और कर्मचारी विरोधी नीतियां लागू कर रही है।
--