लुधियाना पुरानी कोतवाली में मोबाइल कारोबारी का अनोखा कारनामा
राजदीप सिंह सैनी
लुधियाना/यूटर्न/24 जुलाई। लुधियाना में आए दिन एक से बढ़कर एक अनोखे मामले देखने को मिलते हैं। अब एक नया मामला लुधियाना के गुडमंडी नजदीक पुरानी कोतवाली एरिया का निकलकर सामने आया है। जहां पर एक मोबाइल शॉप पर भयानक आग लगती है। आग भी इतनी ज्यादा की पूरी शॉप और उसमें पड़ा सामान जलकर राख हो गया। लेकिन जब मार्केट वालों ने घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने रखी, तो पूरी कहानी ही बदल गई। फुटेज से पता चला कि कारोबारी द्वारा खुद ही शॉप में आग लगाई गई और फिर शटर बंद करके भाग गया। थोड़ी देर बाद जब पूरी शॉप आग की चपेट में आ गई तो अचानक आग लगने का शोर मचाने लगा। लेकिन कारोबारी की बुरी किस्मत कि पास के एक दुकानदार की दुकान बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे ने कारोबारी की पोल खोलकर रख दी है। अब मामले संबंधी थाना कोतवाली पुलिस को शिकायत की गई है। लेकिन इस घटना के बाद से कारोबारी हरी सिंह राजपूत फरार बताया जा रहा है।
हरी ओम मोबाइल शॉप पर लगी थी आग
जानकारी के अनुसार पुरानी कोतवाली एरिया में हरी ओम मोबाइल शॉप के नाम से दुकान है। जिसके मालिक हरी सिंह राजपूत द्वारा मोबाइल डिस्पले, कवर व असेंसरी का काम किया जाता है। वीरवार रात करीब 10 बजे अचानक दुकान पर आग लग गई। आग लगी देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना हरी सिंह और फायर ब्रिगेड विभाग को दी।
तंग गलियों में नहीं जा सकी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां
पुरानी कोतवाली एरिया काफी तंग होने के बावजूद लोगों द्वारा अवैध तरीके से इमारतें बनवाई जा रही है। जिसका नतीजा वीरवार रात को लगी आग में देखने को मिला। दरअसल, तंग गलियां होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी अंदर नहीं जा सकी। जिसके चलते गाड़ियां बाहर खड़ी करके पानी की पाइपें अंदर ले जाकर आग बुझाई गई। दो गाड़ियों की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दो साल पहले भी लगी थी आग
वहीं मार्केट के दुकानदारों का कहना है कि उक्त हरी सिंह राजपूत की दुकान पहले सामने की तरफ थी। वहां पर भी दो साल पहले आग लगी थी। जिसमें उसका सारा सामान जल गया था। चर्चा है कि फिर मुंबई के एक बड़े मोबाइल कारोबारी ने उसकी दोबारा स्टैंड होने में सहायता की थी। जिसके बाद उसने शॉप सामने की तरफ शिफ्ट कर ली। वहीं चर्चा है कि हरी सिंह की काफी देनदारी थी। जिसके चलते उसने आग लगाई, ताकि उसका बचाव हो सके।
फुटेज ने खोल दिए राज
मामले की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। जिसमें वीरवार रात करीब 10.04 बजे हरी सिंह द्वारा आग लगाई जाती है, आग लगाते ही धमाका होने पर वे भागकर बाहर आ जाता है। जिसके बाद वह जल्दी से शटर को लॉक लगाते है और वहां से भाग जाते हैं। एक मिनट बाद ही दुकान में एक के बाद एक कई धमाके होते है और आग फैल जाती है। जिसके बाद शोर पड़ जाता है। फिर हरी सिंह मौके पर पहुंचते है और ऐसे दिखाते हैं कि उन्हें कुछ पता ही नहीं। लेकिन दुकानदारों ने जब सीसीटीवी फुटेज देखी जो राज खुल गए।
कंपीटिटर्स ने बायकॉट करने का किया ऐलान
वहीं चर्चा है कि हरी सिंह द्वारा मुंबई के एक बड़े कारोबारी से होलसेल में असेंसरी खरीदता था। वे कारोबारी दिल्ली और लुधियाना में ही सप्लाई करता है। चर्चा है कि हरी सिंह का कारोबार अच्छा होने के चलते मार्केट के 1-2 दुकानदार उसके कंपीटिटर है। अब वहीं कंपीटिटर्स द्वारा हरी सिंह का बायकॉट करके उसे मार्केट से बाहर करने के लिए सभी को मनाया जा रहा है। जिसमें छह मंजिलां इमारत मालिक का निगम के साथ समझौता करवाने में बिचौलिए की भूमिका निभाने वाला भगवान के नाम की दुकान का मालिक भी शामिल बताया जा रहा है।
दुकानदारों ने पुलिस को दी शिकायत
मामले संबंधी शुक्रवार को दुकानदार इकट्ठे होकर थाना कोतवाली गए थे। वहां पर उन्होंने हरी सिंह द्वारा आग लगाकर पूरी मार्केट को खतरे में डालने पर कानूनी कार्रवाई करने के लिए शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एडिशनल एसएचओ हरदीप सिंह ने बताया कि दुकानदारों द्वारा शिकायत दी गई है। हरी सिंह को थाने बुलाया गया है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।
मेरे पर लगाए आरोप झूठे हैं
शॉप मालिक हरी सिंह राजपूत का कहना है कि उनके द्वारा आग लगाने की बात बिल्कुल झूठ है। मैं ऐसे करके अपना और अपने परिवार का भविष्य क्यों खराब करूँगा। मुझे हार्ट की दिक्कत होने के कारण हॉस्पिटल एडमिट हूं।
----