लुधियाना/यूटर्न/25 जुलाई। नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने विश्व बैंक और एआईआईबी की वित्तीय सहायता से चल रही लुधियाना नहरी जल सप्लाई योजना के तहत गांव बिलगा में निर्माणाधीन 580 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रोजेक्ट की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर इंजीनियर गुरविंदर पाल सिंह, कार्यकारी इंजीनियर (पाइपलाइन) अमरजीत सिंह, कार्यकारी इंजीनियर (डब्ल्यूटीपी) रोहित श्रीमली, प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट के अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कमिश्नर ने प्लांट के इनलेट प्वाइंट, निर्माणाधीन मुख्य ट्रीटमेंट यूनिटों और अन्य ढांचों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिविल कार्यों की प्रगति के साथ-साथ गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली की भी जांच की। इस दौरान कंक्रीट क्यूब टेस्ट, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच और अन्य तकनीकी मानकों की समीक्षा की गई। कमिश्नर ने निर्माण एजेंसी और पीआईयू अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के काम में और तेजी लाई जाए, लेकिन गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि लगातार निगरानी, बेहतर तालमेल और तकनीकी मानकों का पालन करते हुए प्रोजेक्ट को तय समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए।
----