लुधियाना/यूटर्न/27 जुलाई। पंजाब एससी कमीशन और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं। राजा वडिंग ने बरनाला में पुलिस लाठीचार्ज में घायल हुए सफाई कर्मियों को इलाज के लिए एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी और कहा कि कांग्रेस पार्टी उनका इलाज करवाएगी। राजा वडिंग के दौरे के बाद एससी कमीशन के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी भी बरनाला पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मियों से कहा कि वे इलाज के लिए घर-घर जाकर पैसे मांग लें, लेकिन अमरिंदर सिंह राजा वडिंग से आर्थिक मदद न लें। जसबीर सिंह गढ़ी ने राजा वडिंग पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सफाई कर्मियों ने आज उनसे पैसे ले लिए तो वह बाद में बूटा सिंह की तरह उनका एहसान गिनाने लगेंगे। उन्होंने सफाई सेवकों से कहा कि वडिंग की ओर से दिए गए एक लाख रुपए वापस करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनके अनुसार यह पैसा जनता का है। गढ़ी ने आरोप लगाया कि उनके पास जो सरकारी जमीन है, वह भी जनता की है।
राजा वडिंग से पैसे न लें
एससी कमीशन पंजाब के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी बरनाला में लाठीचार्ज से घायल हुए सफाई सेवकों से मिलने अस्पताल पहुंचे। उन्हें जानकारी मिली कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग ने सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान को घायल कर्मचारियों के इलाज के लिए 1 लाख रुपये दिए हैं और कहा है कि कांग्रेस पार्टी उनका इलाज करवाएगी। इस पर गढ़ी ने कहा कि सफाई सेवकों को राजा वडिंग से आर्थिक मदद लेने की जरूरत नहीं है।
----