स्कूलों, कॉलेजों, आरडब्ल्यूए, बाजार संगठनों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से होंगे भव्य आयोजन; 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर प्रदर्शनी, कैंडल मार्च और श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
चंडीगढ़: स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत इस वर्ष आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा–वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ अभियान को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने के लिए सोमवार को मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागों को जनभागीदारी बढ़ाने और समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA), मार्केट एसोसिएशनों, युवा संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं को सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर विभाग ऐसे कार्यक्रम आयोजित करे, जिससे नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना मजबूत हो।
तिरंगा थीम पर सजेगा पूरा शहर
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने अभियान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत सरकारी भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, पर्यटन स्थलों और शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा। रात के समय आकर्षक रोशनी से इन्हें विशेष रूप से सजाया जाएगा।
अभियान के दौरान तिरंगा रैलियां, वॉकाथॉन, साइकिल, बाइक और कार रैलियां, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और रंगोली प्रतियोगिताएं, देशभक्ति प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, लेजर एवं साउंड शो, तिरंगा मेले, तिरंगा राखी निर्माण कार्यशालाएं, सेल्फी प्वाइंट और बोट रैलियों समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर विशेष फोकस
इस वर्ष का अभियान ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने को समर्पित रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य शहरभर में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कराना और लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत करना है। नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ अपनी सेल्फी आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड करने और सेना व पुलिस के जवानों के नाम धन्यवाद पत्र लिखने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
14 अगस्त को मनाया जाएगा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’
बैठक में 14 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर टैगोर थिएटर में मुख्य कार्यक्रम होगा। इसके अलावा विभाजन पर आधारित प्रदर्शनी, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन, विरासत भ्रमण, विभाजन प्रभावित परिवारों के अनुभव साझा करने के कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कैंडल मार्च और मौन श्रद्धांजलि जैसे आयोजन किए जाएंगे।
बैठक में चंडीगढ़ प्रशासन के विभिन्न विभागों के सचिवों, नगर निगम आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की। प्रशासन ने शहरवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और सभी देशभक्ति कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।