साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंचकूला पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में गुजरात से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि आरोपी का बैंक खाता ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल हुआ। पुलिस अब बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। रिमांड के दौरान ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी।
पंचकूला (कपिल नागपाल) : पंचकूला के चर्चित 1 करोड़ 75 लाख रुपये के साइबर ठगी मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गुजरात से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 18 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस लगातार मामले से जुड़े बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन की जांच कर रही है।
मामले के जांच अधिकारी भूप सिंह ने बताया कि आरोपी को गुजरात के राजकोट से गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता को कथित ऑनलाइन बेटिंग और ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर 1 करोड़ 75 लाख रुपये की ठगी की गई थी। आरोपियों ने विभिन्न खातों में रकम ट्रांसफर कराकर शिकायतकर्ता को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से करीब 9 लाख रुपये आए थे। आरोपी से उसके खाते के इस्तेमाल, अन्य सहयोगियों और ठगी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों, बैंक खातों और रकम के लेन-देन की जानकारी जुटाएगी।