खन्ना/यूटर्न/30 जुलाई। फतेहगढ़ साहिब में चंडीगढ़-सरहिंद मार्ग पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव पीर जैन के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनदीप सिंह, निवासी गांव कोटला बजवाड़ा, और 25 वर्षीय पूजा, निवासी गांव मानूपुर, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मनदीप सिंह और पूजा एक-दूसरे के परिचित थे और हादसे के समय एक ही स्कूटी पर जा रहे थे। ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दोनों लोग कई फीट तक ट्रक के नीचे घिसटते चले गए। टक्कर के बाद स्कूटी ट्रक के नीचे फंस गई, जिससे उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ट्रक के केबिन तक फैल गई और दोनों वाहन पूरी तरह जल गए।
फायर ब्रिगेड की सहायता से आग पर काबू पाया
हादसे की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस की सड़क सुरक्षा फोर्स और थाना बडाली आला सिंह की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की सहायता से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान चंडीगढ़-सरहिंद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारु कराया।
----