श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने जारी किया विशेष ट्रेनों का शेड्यूल, 3 सितंबर को निजामुद्दीन से रवाना होगी ट्रेन, जबकि सहारनपुर से 11 और 18 सितंबर को चलेगी स्पेशल, वापसी में ब्यास से 6, 13 और 20 सितंबर को ट्रेनें होंगी रवाना
अमृतसर (उप्पल) : राधा स्वामी सत्संग के श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने ब्यास और हजरत निजामुद्दीन तथा ब्यास और सहारनपुर के बीच स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के संचालन से विभिन्न राज्यों से ब्यास आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
04451/04452 हजरत निजामुद्दीन-ब्यास-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल एक्सप्रेस 3 सितंबर 2026 को हजरत निजामुद्दीन से ब्यास के लिए एक ट्रिप चलेगी। ट्रेन शाम 7:40 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे ब्यास पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 6 सितंबर को ब्यास से रात 8:35 बजे रवाना होकर सुबह 4:00 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में नई दिल्ली, सब्जी मंडी, अम्बाला छावनी, लुधियाना और जालंधर सिटी स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा।
इसी तरह 04565/04566 सहारनपुर-ब्यास-सहारनपुर स्पेशल एक्सप्रेस दो-दो ट्रिप चलेगी। सहारनपुर से ब्यास के लिए ट्रेन 11 और 18 सितंबर को रात 8:50 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 2:15 बजे ब्यास पहुंचेगी। वापसी में ब्यास से सहारनपुर के लिए यह ट्रेन 13 और 20 सितंबर को दोपहर 3:00 बजे रवाना होकर रात 9:10 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।
इस ट्रेन का दोनों दिशाओं में यमुनानगर जगाधरी, जगाधरी वर्कशॉप, अम्बाला छावनी, लुधियाना और जालंधर सिटी रेलवे स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।