बरसात के मौसम में पानी की निकासी सुचारु रखने के लिए बलटाना के वधावा नगर में सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम तेज किया गया है। वार्ड इंचार्ज परमिंदर सिंह सोढ़ी ने बताया कि तीन दिनों से लगातार चैंबरों की सफाई करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की सीवरेज, सफाई और अन्य मूलभूत समस्याओं को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने के प्रयास जारी हैं।
जीरकपुर : बरसात के मौसम में जलभराव की आशंका को देखते हुए बलटाना के वधावा नगर में सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया गया है। वार्ड नंबर 7 में लगातार तीसरे दिन सीवरेज चैंबरों की सफाई करवाई गई। यह अभियान आम आदमी पार्टी के वार्ड इंचार्ज परमिंदर सिंह सोढ़ी की पहल पर नगर परिषद के सहयोग से चलाया जा रहा है।
परमिंदर सिंह सोढ़ी ने बताया कि बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित न हो, इसके लिए वधावा नगर के अलग-अलग हिस्सों में सीवरेज चैंबरों की सफाई करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से सफाई कार्य लगातार जारी है और जरूरत के अनुसार अन्य स्थानों पर भी काम करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि टीम गुरप्रीत विर्क से जुड़े नवनिर्वाचित पार्षद और कार्यकर्ता शहर के विभिन्न वार्डों में लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए नगर परिषद के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। वार्ड नंबर 7 में भी सीवरेज, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
सोढ़ी ने कहा कि वार्ड का कोई भी निवासी अपनी समस्या लेकर उनके पास पहुंचता है तो संबंधित विभाग से संपर्क कर समाधान की प्रक्रिया शुरू करवाई जाती है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।