लुधियाना, 12 अगस्त। लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में पंजाब यूथ बास्केटबॉल चैंपियनशिप का उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। यह चैंपियनशिप 11 अगस्त से 14 अगस्त तक आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेशभर से अंडर-17 वर्ग के लड़के और लड़कियां हिस्सा ले रहे हैं। इस मौके पर पंजाब बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव तेजा सिंह धालीवाल ने बताया कि चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा और इन्हीं में से पंजाब की टीम तैयार कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भेजी जाएगी।
कार्यक्रम में सिगल इंडिया लिमिटेड के चेयरपर्सन एवं प्रमुख खेल प्रमोटर एम.पी. सहगल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि बच्चों को खेलते और आगे बढ़ते देखना बेहद खुशी की बात है। खिलाड़ियों में खेल के प्रति भरपूर उत्साह और प्रतिभा नजर आ रही है। वहीं, जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के प्रधान जेपी सिंह ने बताया कि यह टूर्नामेंट अंडर-17 लड़के और लड़कियों के वर्ग में आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर के लिए खिलाड़ियों और टीम का चयन किया जाएगा।