क्लीन एंड ग्रीन एनवायरमेंट समिति और देहरादून उद्योग व्यापार मंडल की ओर से प्रेम नगर में आयोजित कार्यक्रम में चंपा, चमेली, रात की रानी, कनेर और नीम के पौधे वितरित किए गए। हवन, ध्वजारोहण और प्रसाद वितरण के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।
देहरादून: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्लीन एंड ग्रीन एनवायरमेंट समिति और देहरादून उद्योग व्यापार मंडल की ओर से प्रेम नगर मुख्य बाजार में पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान चंपा, चमेली, रात की रानी, कनेर और नीम सहित 500 से अधिक पौधे लोगों को वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रेम नगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
देहरादून उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत सहगल के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत गुरुकुल पोंधा के बच्चों द्वारा हवन से की गई। इसके बाद ध्वजारोहण किया गया और उपस्थित लोगों को कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान क्लीन एंड ग्रीन एनवायरमेंट समिति के सदस्य लोगों को पौधे बांटते रहे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री विश्वास डाबर, भाजपा नेता अर्चित डाबर, देहरादून महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसेन और कांग्रेस उपाध्यक्ष जसविंदर सिंह जोगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। समिति के अध्यक्ष एवं संस्थापक राम कपूर, उपाध्यक्ष रणदीप सिंह अहलूवालिया, सचिव जेपी किमोठी, अमित चौधरी, नितिन कुमार, राजेश भाटिया, राजेश बाली, गगन चावला सहित कई सदस्य और व्यापारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।