डेराबस्सी में प्रस्तावित ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण में हो रही देरी का मामला अब मंत्री स्तर तक पहुंच गया है। विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने पंजाब सिविल सचिवालय में राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के साथ बैठक कर परियोजना से जुड़ी अड़चनों और निर्माण प्रक्रिया पर चर्चा की। बैठक में एफसीआर अनुराग वर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि डेराबस्सी जैसे बड़े विधानसभा क्षेत्र में अदालतों और सरकारी कार्यालयों के अलग-अलग स्थानों पर होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
डेराबस्सी : डेराबस्सी में प्रस्तावित ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण में हो रही देरी का मामला अब मंत्री स्तर तक पहुंच गया है। विधानसभा में इस मुद्दे को उठाने के बाद विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने सोमवार को पंजाब सिविल सचिवालय में राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के साथ बैठक कर परियोजना से जुड़ी अड़चनों और निर्माण प्रक्रिया पर चर्चा की। बैठक में एफसीआर अनुराग वर्मा समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
विधायक रंधावा ने विधानसभा सत्र के दौरान सरकार का ध्यान इस ओर दिलाया था कि ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स की घोषणा के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इसके बाद राजस्व मंत्री ने इस संबंध में अलग से बैठक करने का समय दिया था।
बैठक में प्रस्तावित परिसर के लिए उपलब्ध जमीन, विभागीय औपचारिकताओं और निर्माण कार्य शुरू करने से जुड़े प्रशासनिक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। रंधावा ने कहा कि डेराबस्सी आबादी और मतदाताओं के लिहाज से बड़े विधानसभा क्षेत्रों में शामिल है। मौजूदा समय में अदालतें प्रशासनिक ब्लॉक में चल रही हैं, जबकि विभिन्न सरकारी कार्यालय अलग-अलग स्थानों पर होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
एक परिसर में सुविधाएं मिलने से लोगों को होगी राहत
रंधावा ने कहा कि ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स बनने से अदालत और संबंधित व्यवस्थाएं बेहतर हो सकेंगी तथा लोगों को अपने काम के लिए अलग-अलग जगहों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने मामले में आवश्यक प्रक्रिया तेज करने और निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।
विधायक रंधावा ने कहा कि ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स डेराबस्सी की लंबे समय से चली आ रही जरूरत है और इसे जल्द धरातल पर लाने के लिए उनका प्रयास जारी रहेगा।