पंजाबी विरासत से सराबोर कार्यक्रम में महिलाओं की शानदार प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। भाजपा नेता गुरदर्शन सिंह सैणी ने कहा कि तीज जैसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में प्रेम, एकता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का काम करते हैं।
जीरकपुर : सावन की रौनक के बीच जीरकपुर में तीज उत्सव पंजाबी संस्कृति के रंगों से सराबोर नजर आया। एमसी बबीता सागवान और नवीन सागवान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। पारंपरिक पंजाबी परिधानों में पहुंचीं महिलाओं ने लोकगीतों और गिद्धे की प्रस्तुतियों के जरिए पंजाब की समृद्ध विरासत की झलक पेश की।
समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता गुरदर्शन सिंह सैणी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने महिलाओं और क्षेत्रवासियों को तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे त्योहार केवल उत्सव नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम भी हैं। आधुनिकता के दौर में पंजाबी विरासत और पारंपरिक त्योहारों को सहेजकर रखना जरूरी है।
तीज जैसे आयोजन मजबूत करते हैं सामाजिक भाईचारा
गुरदर्शन सैणी ने कहा कि सामूहिक रूप से मनाए जाने वाले त्योहार लोगों के बीच आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने मुख्य अतिथि गुरदर्शन सिंह सैणी, जिला ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष हरप्रीत सिंह सैणी सहित अन्य गणमान्य लोगों को सम्मानित किया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और भाजपा नेता भी मौजूद रहे।