राजीव गांधी भवन में हुई बैठक में एआईसीसी प्रभारी रजनी पाटिल, सांसद मनीष तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। पार्टी ने मतदाताओं की संख्या में कमी और नोटिस जारी होने के मुद्दे को गंभीर बताते हुए सहायता अभियान शुरू करने का फैसला लिया।
चंडीगढ़: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक सोमवार को राजीव गांधी भवन, सेक्टर-35 में एआईसीसी प्रभारी रजनी पाटिल की मौजूदगी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सांसद मनीष तिवारी, पांचों जिला अध्यक्षों और सभी ब्लॉक अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। आगामी दिसंबर में प्रस्तावित नगर निगम चुनावों की तैयारियों के साथ एसआईआर प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि एसआईआर और प्री-एसआईआर प्रक्रिया के बाद चंडीगढ़ में मतदाताओं की संख्या करीब 6.59 लाख से घटकर लगभग 3.02 लाख रह गई है, जबकि करीब 1.25 लाख लोगों को नोटिस जारी हुए हैं। पार्टी ने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि किसी भी पात्र नागरिक को मताधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।
जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि वे बीएलए के माध्यम से बीएलओ के साथ समन्वय कर नोटिस प्राप्त मतदाताओं को जवाब देने और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने में मदद करें। नए पात्र मतदाताओं के वोट बनवाने का अभियान भी चलाया जाएगा।
रजनी पाटिल ने कार्यकर्ताओं से निगम चुनाव के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। एच.एस. लक्की ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके अधिकांश मेयर रहने के बावजूद शहर की नागरिक सुविधाएं बदहाल हैं।
सांसद मनीष तिवारी ने हर मतदाता की सहायता को प्राथमिकता बताते हुए एसआईआर सहायता कैंप लगाने के निर्देश दिए। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य हर पात्र नागरिक का वोट सुनिश्चित करना है।