जगह-जगह टूटी सड़कों और बारिश के दौरान जलभराव से परेशान हैं स्थानीय निवासी; लोगों का आरोप है कि विकास की उम्मीद में भाजपा का समर्थन करने के बावजूद क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं जस की तस हैं, आप नेता शादाब राठी ने भाजपा पर कथित सौतेले व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता से किए वादों को अब धरातल पर उतारने की जरूरत है।
चंडीगढ़ (अजीत झा.) : धनास की कच्ची कॉलोनी में बदहाल सड़कों के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह टूटी और कच्ची सड़कें होने से लोगों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बारिश के दौरान हालात और खराब हो जाते हैं और रास्तों पर कीचड़ व पानी जमा हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने विकास की उम्मीद में भाजपा को समर्थन दिया था। उन्हें उम्मीद थी कि कॉलोनी की बुनियादी समस्याओं का समाधान होगा, लेकिन लंबे समय से सड़क व्यवस्था में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से जल्द सड़कों की मरम्मत कराने और क्षेत्र में जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के अल्पसंख्यक विंग के अध्यक्ष शादाब राठी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के शासन में धनास की कच्ची कॉलोनी के साथ कथित तौर पर सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “जब क्षेत्र में भाजपा का पार्षद है और शहर का मेयर भी भाजपा का है, तो फिर धनास की कच्ची कॉलोनी में विकास क्यों नहीं हो रहा?”
उन्होंने कहा कि लोगों से किए गए विकास के वादों को अब जमीन पर उतारने की जरूरत है। स्थानीय लोगों ने भी जल्द सड़क निर्माण और जलभराव की समस्या के समाधान की मांग की है।