अमृतसर में लोक निर्माण विभाग के औचक निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने जिले में चल रही परियोजनाओं की प्रगति का लिया जायजा; अधिकारियों को निर्माण स्थलों पर नियमित निगरानी और गुणवत्ता जांच के निर्देश, निर्धारित समय में काम पूरा न करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई के आदेश, मंत्री बोले—विकास कार्यों में लापरवाही, देरी और ढिलाई किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।
अमृतसर : पंजाब के लोक निर्माण एवं बिजली मंत्री स. हरभजन सिंह ईटीओ ने सोमवार को अमृतसर स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
अधिकारियों को मौके पर जाकर निगरानी के निर्देश
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करवाया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालय में बैठकर कार्यों की समीक्षा न करें, बल्कि नियमित रूप से निर्माण स्थलों का दौरा कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जांच करें।
लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
हरभजन सिंह ईटीओ ने स्पष्ट किया कि यदि कोई ठेकेदार निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं करता है तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी विकास पर जोर
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को बेहतर बुनियादी ढांचा और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को सरकार की हिदायतों का सख्ती से पालन करते हुए सभी परियोजनाओं को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।