आईटी पार्क थाना पुलिस ने गश्त के दौरान रंजीत कुमार उर्फ भंडारी को दबोचा, तलाशी में बरामद हुई 12.68 ग्राम हेरोइन; आरोपी के खिलाफ चोरी, सेंधमारी और एनडीपीएस एक्ट समेत पहले से आठ मामले दर्ज, पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज किया; पुलिस-पब्लिक बैठक में भी क्षेत्र में कथित खुलेआम नशा बिकने का मुद्दा उठा था, जिसके बाद कार्रवाई तेज होने का दावा किया गया।
चंडीगढ़ (अजीत झा.) : आईटी पार्क थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12.68 ग्राम हेरोइन के साथ रंजीत कुमार उर्फ भंडारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी नई इंदिरा कॉलोनी, मनीमाजरा का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ पहले से चोरी, सेंधमारी और नडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 8 मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त की रात करीब 12:02 बजे एएसआई सुभाष चंद्र पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान आरोपी को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 12.68 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी बरामद नशीले पदार्थ से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। इसके बाद आईटी पार्क थाने में FIR नंबर 70, दिनांक 15 अगस्त 2026, नडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इंदिरा कॉलोनी में पुलिस-पब्लिक मीटिंग आयोजित हुई थी। इसमें डीएसपी रामगोपाल, आईटी पार्क थाना प्रभारी, भाजपा पार्षद एवं चंडीगढ़ की डिप्टी मेयर सुमन शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे। बैठक में सुमन शर्मा ने क्षेत्र में नशे की समस्या और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने इंदिरा कॉलोनी में कथित तौर पर खुलेआम बिक रहे चिट्टे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस के अनुसार आईटी पार्क थाना क्षेत्र में पिछले एक महीने में नडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।