डेराबस्सी स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा पहाड़ी में संगत की विशेष बैठक के दौरान नई प्रबंधक कमेटी का गठन किया गया। बैठक में विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नई कमेटी ने गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा बनाए रखते हुए लंगर, कीर्तन, सफाई और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
डेराबस्सी : गुरुद्वारा सिंह सभा पहाड़ी, डेराबस्सी के प्रबंधन को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से संगत की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से नई प्रबंधक कमेटी का गठन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नई कमेटी में हरविंदर सिंह को अध्यक्ष, बलविंदर सिंह को प्रधान, हरदीप सिंह को उप प्रधान, कुलवंत सिंह को कैशियर, जगमोहन सिंह को महासचिव और गुरमेल सिंह को प्रेस सचिव चुना गया। इसके अलावा हरविंदर सिंह को सलाहकार, सुखविंदर सिंह को स्टोर कीपर तथा हरजिंदर सिंह और अतर सिंह को कमेटी सदस्य की जिम्मेदारी दी गई।
नवनियुक्त प्रधान बलविंदर सिंह ने संगत का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और श्रद्धा से निभाई जाएगी। गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा कायम रखते हुए संगत की सेवा नई कमेटी की प्राथमिकता रहेगी।
अध्यक्ष हरविंदर सिंह ने कहा कि कमेटी के सभी सदस्य मिलकर लंगर, कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्था को और बेहतर बनाएंगे। गुरुद्वारा परिसर की सफाई के साथ आवश्यक विकास कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में मौजूद संगत ने नई कमेटी के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। अंत में अरदास कर सरबत के भले और संगत की खुशहाली की कामना की गई।
फोटो कैप्शन : गुरुद्वारा सिंह सभा पहाड़ी, डेराबस्सी की नई प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी।