लुधियाना 30 July । शहर के साउथ सिटी और फिरोजपुर रोड फ्लाईओवर पर पत्नी का जन्मदिन मनाने के दौरान की गई आतिशबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक बीच फ्लाईओवर पर कार खड़ी कर जश्न मनाते और खुलेआम पटाखे चलाते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना ने न केवल राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि ट्रैफिक नियमों और कानून व्यवस्था पर भी बहस छेड़ दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही के बीच आतिशबाजी की गई, जिससे वहां से गुजर रहे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि मौके पर पुलिस ने युवकों को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन इसके बावजूद आतिशबाजी जारी रही। वीडियो में 60 शॉट वाले पटाखे चलाए जाने का भी दावा किया जा रहा है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस तरह के सार्वजनिक जश्न पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर जैसी व्यस्त सड़क पर इस प्रकार की हरकत किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
फिलहाल मामले को लेकर पुलिस वीडियो के आधार पर जांच कर रही है। यदि वायरल वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान होती है, तो ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का पालन करने और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है।