शिरोमणि अकाली दल हल्का जगरांव की ओर से पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। पूर्व विधायक एस.आर. क्लेर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां मिलने पर सम्मानित किया गया। नेताओं ने पार्टी संगठन को मजबूत करने, नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया।
जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : शिरोमणि अकाली दल हल्का जगरांव की ओर से पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में जगरांव कार्यालय में एक प्रभावशाली समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता पार्टी के कोर कमेटी मेंबर, पूर्व विधायक और हल्का इंचार्ज एस.आर. क्लेर ने की।
इस दौरान कमलजीत सिंह मल्होत्रा (मल्ला) को पंजाब का संगठनात्मक सचिव, परमिंदर सिंह चीमा को पी.ए.सी. मेंबर, पार्षद दविंदरजीत सिंह सिद्धू व दीपइंदर सिंह भंडारी को पी.ए.सी. मेंबर और जतिंदर सिंह जट्ट ग्रेवाल व वरिंदरपाल सिंह पाली गिल को यूथ अकाली दल पंजाब का जनरल सचिव नियुक्त किए जाने पर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए क्लेर ने कहा कि इन नई नियुक्तियों से पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाने और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत तालमेल बनाकर पूरी तन्मयता से काम करने की अपील की। भाई गुरचरण सिंह ग्रेवाल और जिला प्रधान चंद सिंह डल्ला ने भी पार्टी की एकजुटता और मजबूती पर जोर देते हुए नवनियुक्त नेताओं को बधाई दी।
नवनियुक्त युवा नेता जतिंदर सिंह जट्ट ग्रेवाल ने कहा कि यूथ अकाली दल को मजबूत करना और अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी, क्योंकि युवा वर्ग पार्टी की रीढ़ की हड्डी है।
समारोह में सर्कल प्रधान, विभिन्न विंगों के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।