लुधियाना/यूटर्न/1 अगस्त। लुधियाना में मेयर के वार्ड के अधीन आते बंदा बहादुर सिंह नगर स्थित एक पार्क में शनिवार सुबह एक युवक की शकी हालातों में लाश बरामद हुई है। लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की सूचना मिलने पर थाना मेहरबान की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान सुखदेव नगर के मनी (21) के रूप में हुई है। वहीं परिजन युवक की मौत को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं और मामले की जांच की मांग कर रहे हैं। मृतक की बहन मोनिका ने बताया कि भाई मनी शुक्रवार सुबह मां से यह कहकर घर से निकला था कि वह दिहाड़ी मजदूरी करने जा रहा है। मनी दोपहर करीब 1 बजे तक काम खत्म कर घर लौट आता था। देर शाम तक उसके घर वापस नहीं आने पर परिवार को चिंता होने लगी। मोनिका ने बताया कि मनी के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिसके कारण उससे संपर्क नहीं हो सका। इसके अलावा, वह जिस ठेकेदार या व्यक्ति के साथ काम पर जाता था, उसके बारे में भी परिवार के पास कोई जानकारी या संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं है। भाई के घर न लौटने पर परेशान परिवार ने रातभर उसकी तलाश की। शनिवार सुबह अचानक सूचना मिली कि मनी का शव बंदा बहादुर सिंह नगर इलाके में पड़ा हुआ है।
---