लुधियाना/यूटर्न/11 अगस्त। गांव डेहलों में मोटर से पानी लेने को लेकर प्रताड़ित करने पर एक किसान ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिवार वालों द्वारा हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान केसर सिंह के रूप में हुई है। थाना डेहलों पुलिस ने गांव डेहलों के भगवंत सिंह की शिकायत पर सुरजीत कौर, बिक्कर सिंह और चरणजीत सिंह निवासी गांव ख्याली महल कलां, बरनाला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि केसर सिंह उसके पिता है। भगवंत सिंह ने बताया कि उनकी खेती वाली मोटर उसके ताया हाकम सिंह के नाम पर है। हाकम सिंह की मौत के बाद जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी उसके पिता को मोटर से पानी लगाने से रोकते थे और उनके साथ गाली-गलौज भी करते थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही कथित परेशानी से तंग आकर केसर सिंह ने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
----