सिविल अस्पताल जगरांव की टीम ने “हर सोमवार डेंगू ते वार” मुहिम के तहत मॉल, होटल, ढाबों और रिहायशी इलाकों में पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। वहीं, नशामुक्ति केंद्र में आयोजित एचआईवी जागरूकता शिविर में विशेषज्ञों ने बचाव और उपचार की जानकारी दी, जबकि नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को जागरूक किया गया।
जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : पंजाब सरकार, सिविल सर्जन लुधियाना और एसएमओ डॉ. अमन शर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत सिविल अस्पताल जगरांव की स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
“हर सोमवार डेंगू ते वार” मुहिम के तहत एंटी लार्वा स्टाफ, ब्रीडिंग चेकर्स और आशा वर्करों ने जगरांव के मॉल, सिनेमाघर, रेस्टोरेंट, होटल, ढाबों तथा विभिन्न रिहायशी क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान लारवासाइड दवा का छिड़काव किया गया, डेंगू से बचाव संबंधी पंपलेट बांटे गए और कूलर व आसपास साफ-सफाई रखने के सुझाव दिए गए। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।
HIV जागरूकता अभियान के तहत नशामुक्ति केंद्र में लगा शिविर:
इसी कड़ी में, एसएमओ डॉ. अमन शर्मा की अगुवाई में सिविल अस्पताल जगरांव के आईसीटीसी सेंटर द्वारा पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी के सहयोग से सिविल अस्पताल जगरांव और गांव मलक स्थित नशामुक्ति केंद्र में एचआईवी जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें एचआईवी के फैलने के कारणों, उसके बचाव और इलाज की विस्तृत जानकारी दी गई। इस संदेश को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए रवि दर्पण कला मंच द्वारा एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया।