घोड़ा कॉलोनी के पास अमन सतकार लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट के दफ्तर में देर रात चोरी, दीवार फांदकर अंदर घुसे आरोपी ने हथौड़े से लॉकर और तिजोरी के ताले तोड़े; करीब सवा लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हुआ, तीन CCTV की दिशा बदलने के बावजूद AC के पीछे लगे हिडन कैमरे में करीब एक घंटे की पूरी गतिविधि कैद, मोती नगर पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
लुधियाना: लुधियाना के घोड़ा कॉलोनी के पास अमन सतकार लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट के दफ्तर में देर रात चोरी का मामला सामने आया है। चोर पड़ोसियों की दीवार फांदकर दफ्तर में दाखिल हुआ और हथौड़े की मदद से लॉकरों व तिजोरी के ताले तोड़ डाले। इस दौरान उसने दफ्तर में लगे 3 CCTV कैमरों की दिशा बदलकर उन्हें बंद कर दिया।
लेकिन चोर की पूरी ‘प्लानिंग’ एक कैमरे के सामने फेल हो गई।
AC के पीछे लगा हिडन कैमरा उसकी नजर से बच गया। इसी कैमरे में चोर की करीब एक घंटे तक की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हो गई। अब यही फुटेज पुलिस के लिए आरोपी तक पहुंचने का अहम सुराग बनी हुई है।
सुबह लंगर लगाने पहुंचे तो खुला चोरी का राज
ट्रांसपोर्ट मालिक अमन ने बताया कि वह रविवार रात रोजाना की तरह दफ्तर बंद कर घर चले गए थे। सावन का महीना होने के कारण सोमवार सुबह करीब 6 बजे वह दफ्तर में लंगर लगाने के लिए पहुंचे।
दफ्तर का दरवाजा खोलते ही अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और लॉकरों के ताले टूटे हुए थे। फाइलों को भी खंगाला गया था।
जांच करने पर पता चला कि तिजोरी से करीब सवा लाख रुपये की नकदी गायब थी।
एक-एक ताला तोड़ा, फाइलें खंगालीं और फिर तिजोरी पर किया वार
CCTV फुटेज देखने पर सामने आया कि आरोपी रात के समय दफ्तर में दाखिल हुआ। करीब एक घंटे तक वह दफ्तर के अंदर रहा।
इस दौरान उसने एक-एक दरवाजे के ताले तोड़े और लॉकरों व फाइलों को खंगाला। इसके बाद हथौड़ा लेकर तिजोरी तक पहुंचा और उसका ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली।
3 CCTV को चकमा दिया, लेकिन ‘हिडन कैमरा’ से बच नहीं पाया
चोर ने दफ्तर में लगे 3 CCTV कैमरों की दिशा बदल दी, ताकि उसकी हरकतें रिकॉर्ड न हो सकें। उसे शायद लगा कि अब पूरा रास्ता साफ है।
लेकिन AC के पीछे लगा हिडन कैमरा उसकी नजर से बच गया।
दफ्तर में दाखिल होने से लेकर नकदी लेकर फरार होने तक की उसकी गतिविधियां इसी कैमरे में कैद हो गईं। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है।
पहले भी ड्राइवरों के मोबाइल हो चुके हैं चोरी
अमन के मुताबिक, इससे पहले भी दफ्तर के बाहर खड़े उनके ड्राइवरों के कई मोबाइल फोन चोरी हो चुके हैं। उनका कहना है कि रात के समय ट्रांसपोर्ट इलाके में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग घूमते रहते हैं, जिससे कारोबारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
अमन ने कहा कि ऐसे हालात में कारोबार करना भी मुश्किल होता जा रहा है।
पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में ली
चोरी की सूचना मिलते ही थाना मोती नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हिडन कैमरे में कैद फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।