खन्ना/यूटर्न/29 जुलाई। हल्का पायल के यूथ कांग्रेस प्रधान और उनके दो साथियों पर मारपीट करने के आरोप लगे हैं। जिसके चलते थाना पायल की पुलिस ने किरणजीत सिंह निवासी गांव जीरख की शिकायत पर गुरनाज सिंह जीरख और उनके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद आम आदमी पार्टी ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता किरणजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार वह सुआ पुली घलौटी की ओर सैर के लिए जा रहे थे। इसी दौरान यूथ कांग्रेस हलका पायल के अध्यक्ष गुरनाज सिंह जीरख अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे। शिकायत के अनुसार, गुरनाज सिंह और उनके दो साथियों ने किरणजीत सिंह को रास्ते में रोककर नीचे गिरा दिया और उसके साथ मारपीट की। वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। घायल किरणजीत सिंह को पहले सिविल अस्पताल मलौद ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लुधियाना रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल की मेडिकल रिपोर्ट और डॉक्टरों की अंतिम राय अभी आनी बाकी है। रिपोर्ट मिलने के बाद जरूरत पड़ने पर मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---