जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-जापान रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। पीएम मोदी ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए साझेदारी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत रक्षा क्षेत्र में सह-विकास और सह-उत्पादन के लिए भारतीय-जापानी कंपनियों व स्टार्टअप के बीच सहयोग की संभावनाएं भी रेखांकित कीं।
नई दिल्ली : भारत और जापान ने अपने रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बढ़ाया है। जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए कोइजुमी के साथ दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग की मौजूदा प्रगति और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने जुलाई 2026 में भारत दौरे पर आई जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के साथ 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान हुई बातचीत को याद किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग में लगातार बनी गति पर संतोष जताया और विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि सुनिश्चित करने में भारत-जापान रक्षा साझेदारी की भूमिका पर भी जोर दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों का सुरक्षा सहयोग केवल द्विपक्षीय संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापक क्षेत्रीय स्थिरता के लिए भी महत्वपूर्ण है।
रक्षा उत्पादन में साथ बढ़ाने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत जापानी और भारतीय रक्षा कंपनियों के बीच सह-विकास और सह-उत्पादन की संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने जापानी कंपनियों, भारतीय उद्योग और रक्षा क्षेत्र के स्टार्टअप के बीच साझेदारी को और विस्तार देने की जरूरत बताई।
वहीं, जापानी रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग में हुई प्रगति की जानकारी प्रधानमंत्री को दी। उन्होंने भारत-जापान संबंधों को और गहरा करने के लिए जापान सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक को दोनों देशों के बीच रणनीतिक और सुरक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।